देहरादून, 5 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता को गति देने के उद्देश्य से कुवांवाला में “नशामुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, योग, कौशल विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवा संवाद में वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति, परिवार या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवार में संवाद, बेहतर शिक्षा, खेलकूद, योग, कौशल विकास, नवाचार और सकारात्मक सोच के माध्यम से युवा ऊर्जा को सही दिशा दी जा सकती है।
कार्यक्रम में युवाओं की नशे के खिलाफ बढ़ती जागरूकता और दृढ़ संकल्प को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। युवाओं से आग्रह किया गया कि यदि उनका कोई साथी नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसका उपहास करने के बजाय उसका हाथ थामें, उससे संवाद करें और उसे उचित सहायता एवं उपचार तक पहुंचाने में सहयोग करें।