हल्द्वानी, 5 अक्टूबर 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में शिक्षार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं और सुझावों के समाधान के उद्देश्य से आयोजित ‘जन संवाद कार्यक्रम भाग-3’ के तृतीय एवं अंतिम चरण का आयोजन सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से हुआ, जबकि विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर @UOULive के माध्यम से इसका लाइव प्रसारण किया गया। विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ ने भी कार्यक्रम के संचालन एवं प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जन संवाद कार्यक्रम विश्वविद्यालय और शिक्षार्थियों के बीच द्विपक्षीय संवाद को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षार्थियों से प्रवेश की अंतिम तिथियों का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर प्रवेश लेने का आग्रह किया।
कुलपति ने कहा कि शिक्षार्थियों की प्रतिक्रिया विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण है और उनके द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं एवं दिए गए सुझावों पर आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने शिक्षार्थियों से बिना किसी संकोच के अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं साझा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट, अनुसंधान निदेशालय की ओर से प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे, अध्ययन सामग्री निर्माण एवं वितरण तथा अकादमिक निदेशालय की ओर से प्रो. पी.डी. पंत, परीक्षा अनुभाग से प्रो. सोमेश कुमार, प्रवेश अनुभाग से डॉ. सुमित प्रसाद, शोध अनुभाग से प्रो. मंजरी अग्रवाल एवं प्रो. एम.एम. जोशी, प्लेसमेंट सेल से डॉ. अखिलेश सिंह तथा पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा से प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।