
देहरादून: मुख्यमंत्री धामी व महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 48 महिलाओं को “राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली” एवं “आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरुस्कार से सम्मानित किया। मंगलवार को दून में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 13 महिलाओं को “राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली” व 35 महिलाओं को “राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्री” पुरूस्कार से सम्मानित किया गया।साथ ही विजेताओं के बैंक खातों में पुरुस्कार की धनराशि आनलाइन जारी की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार महिला शक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रही है। तीलू रौतेली व आंगनवाडी कार्यकत्री दोनो पुरस्कारों की धनराशि रु0 51 हजार करते हुए मुख्यमंत्री घोषणा पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि उनके दोनों बच्चों की स्कूली शिक्षा की नींव आंगनबाडी केन्द्र पर ही पड़ी है। ऐसे में वह आंगनबाडी कर्मियों के साथ परिवार जैसा महसूस करते हैं।कहा कि तीलू रौतेली के साहस का प्रतीक हमारी सभी बहनें है।
महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने में किये गये प्रयासों में सरकार की प्राथमिकता झलकती है। विभिन्न विभागों की महिला परक योजनाओं की प्रगति बताते हुए मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों से आहवाहन किया कि सरकारी योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर अन्य महिलाओं तक पहुचाई जाये। महिलाओं की प्रगति का संकल्प “विकल्प रहित” है जिसे पूर्ण करने में राज्य वासियों को अपनी पूरी क्षमता से योगदान देना है।