विकासनगर, ब्यूरो । खनन सामग्री को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद मारपीट में बदल गया। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ट्रैक्टर चालक पर मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना पांच मार्च की है। पुलिस के अनुसार यशपाल सिंह नेगी पुत्र केदार सिंह निवासी मोथरोवाला खनन पट्टे पर काम करता है। इस दौरान ट्रैक्टर चालक आमिर खान पट्टे से खनन सामग्री लेकर कांटे से बाहर जा रहा था। तभी यशपाल ने उसे रोककर रवन्ना लेने को कहा। जिस पर युवक वाहन लेकर सीधे निकल गया। बाद में वापस लौटा जहां उसका यशपाल नेगी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। जिस पर यशपाल नेगी ने आरोपी आमिर खान पुत्र निसार अहमद निवासी ढालीपुर के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी की तहरीर दी। जांच अधिकारी एसआई पंकज तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।