सोमेश्वर, ब्यूरो । ईंटों से भरा ट्रक बीच सड़क में पलटने से सोमेश्वर–रानीखेत मोटर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। इस मार्ग पर आवाजाही ठप पड़ी हुई है। पुलिस प्रशासन यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कोशिशों में लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह चालक ने ट्रक को सड़क किनारे मिट्टी के ढेर में उतार दिया। जिससे ईंटों से भरा ट्रक सड़क के बीच पलट गया। इस दौरान सड़क पर कोई और वाहन मौजूद नहीं था। जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रक पलटने से सोमेश्वर–रानीखेत मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं। जिनमें रानीखेत, द्वाराहाट, हल्द्वानी, कौसानी, गरुड़, बागेश्वर तथा ग्वालदम आदि शहरों को आने जाने वाले यात्री खासे परेशान हैं। थानाध्यक्ष अजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस कर्मी सड़क से ट्रक को हटाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। दोपहिया वाहनों की आवाजाही फिलहाल शुरू कर दी गई है, सड़क अभी भी बड़े वाहनों के लिए बंद है। जिसके कारण यात्री परेशान हो रहे हैं।
—
कोटद्वार, ब्यूरो । कोटद्वार–दुगड्डा के बीच एक ट्रक हाईवे से नीचे खाई में जा गिरा। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से रेस्क्यू किया। ट्रक सीमेंट से भरा हुआ था। घायलों को खाई से निकालकर कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार देर रात को हुई। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। हादसे में अभी तक केवल घायल होने की सूचना है। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।