ऋषिकेश, ब्यूरो। प्रदेश की राजधानी देहरादून व तीर्थनगरी ऋषिकेश तथा आसपास के क्षेत्र में टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन की जयंती पर उन्हें याद किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में वक्ताओं ने श्रीदेव सुमन के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
बुधवार को टिहरी जनक्रांति के महानायक शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती पर राजीव ग्राम ढालवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व दायित्वधारी रमेश उनियाल ने कहा कि हम सबको श्रीदेव सुमन के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके बताए मार्ग पर चलकर देश सेवा करनी चाहिए। लोक गायक विनोद बिजलवाण ने श्री देव सुमन के जीवन पर अपनी लिखित कई रचनाएं व गीत सुनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि एक महान साहित्यकार और क्रांतिकारी श्री देव सुमन ने आज के ही दिन वर्ष 1916 में जिला टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र के जौल में जन्म लिया था। श्री देव सुमन ने महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू के साथ सत्याग्रह आंदोलन में हिस्सा लिया। आज हर युवा को श्रीदेव सुमन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के लिए कार्य करना चाहिए। मौके पर प्रदेश महासचिव दिनेश व्यास, प्रदेश सचिव दिनेश सकलानी, दिनेश भट्ट, नगर अध्यक्ष महावीर खरोला, नगर कार्यकारी अध्यक्ष अजय रमोला, पूर्व प्रधान सरस्वती जोशी, नगर उपाध्यक्ष आनंद बिजलवाण आदि उपस्थित रहे।