देहरादून, ब्यूरो। सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हसनपुर कल्याणपुर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने इस मामले में अपने ननदोई पर गलत नीयत से छेड़खानी का भी आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत हसनपुर क्षेत्र निवासी निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 27 नवंबर 2021 को उसकी शादी इल्ताफ से हुई थी। शादी के बाद ससुराली कुछ समय तक उसके साथ ठीक रहे, लेकिन उसके बाद दहेज के लिए उत्पीड़न कर मारपीट, गाली–गलौज करने लगे। बताया कि पति इल्ताफ, सास जुलेखा, ननद सन्नो और ननदोई इरफान सभी निवासी बुढा खेडा चिलकाना सहारनपुर यूपी उसे दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। यही नहीं उसका नंनदोई इरफान उस पर गलत नजर रखने लगा। उसके प्रति गलत नीयत से छेड़खानी करता रहा। जब इस मामले में पति व सास को बताया तो उन्होंने सहयोग देने के बजाय ननदोई का साथ देने लगे। बताया कि इस मामले में महिला हेल्पलाइन में भी उसने तहरीर दी। लेकिन ससुराली नहीं माने और उसका उत्पीड़न और अधिक करने लगे और ससुराल से निकाल दिया। जिसके बाद वह मायके में रह रही है। एसओ विनोद सिंह राणा ने कहा कि महिला की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही ननदोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।