विकासनगर, ब्यूरो। चकराता विधानसभा क्षेत्र के एक निर्दलीय प्रत्याशी से ने सहायक निर्वाचन अधिकारी चकराता को एक शिकायती पत्र दिया। जिसमें तीन वाहन मालिकों पर आरोप लगाया कि उनके चौपहिया हल्का वाहनों को चुनाव प्रचार में लगाया गया। वाहन मालिकों से यह तय किया गया था कि वाहनों का तेल और चालकों के खाने की व्यवस्था प्रत्याशी करेगा। निर्वाचन विभाग से एक फरवरी से बारह फरवरी तक प्रचार के लिए वाहनों की अनुमति ली गयी। लेकिन बाद में पता चला की उक्त वाहन मालिकों ने एक राष्ट्रीय दल के प्रत्याशी के प्रचार में वाहनों को भेज दिया।
चकराता विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी दौलत कुंवर ने कहा कि देहरादून के तीन वाहन मालिकों से उसका मौखिक अनुबंध हुआ था। जिसमें उनके वाहनों को चकराता क्षेत्र में उनके प्रचार में लगाया गया। जिसमें वाहनों के तेल और चालकों के भोजन की व्यवस्था निर्दलीय प्रत्याशी करेंगे। उक्त वाहनों की बाकायदा निर्वाचन विभाग से एक फरवरी से बारह फरवरी तक चुनाव प्रचार की अनुमति ली गयी। शिकायती पत्र में दौलत कुंवर ने कहा कि दो दिन बाद पता चला कि उक्त वाहन एक राष्ट्रीय दल के प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में चले गये। उक्त वाहन चालक जिन–जिन गांवों में पहले उनके साथ वोट मांगने गए वहां जाकर उन्होंने गांवों के वोटों को एक पार्टी विशेष के प्रत्याशी के पक्ष में डायवर्ट करा दिया। निर्दलीय प्रत्याशी दौलत कुंवर ने वाहन मालिकों पर धोखा देने, चुनाव में उन्हें नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।