देहरादून, ब्यूरो। केंद्र सरकार ने कैम्प के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी सभी जांचे निशुल्क कराई जाने व साथ ही कैंप में सभी विभागों के अधिकारियों को जन समस्याओं को सुनकर मौके पर ही उनका समाधान कराने के निर्देश दिये हैं। इसी कड़ी में डोईवाला तहसील अंतर्गत भी आगामी 20 अप्रैल को एक विशेष निशुल्क कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन ने शुरू कर दी है।
इस कैंप के माध्यम से जहां मरीज अपने स्वास्थ्य की जांचें करा कर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे। वही तहसील प्रशासन विद्युत विभाग, पेयजल विभाग, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे। इस तरह के शिविर से जहां आमजन की समस्याओं को एक ही छत के नीचे सुना जाएगा और मौके पर ही उनका निस्तारण किया जाएगा तो निश्चित तौर पर आमजन के लिए यह शिविर बेहद फायेदेमन्द होगा।
शिविर को लेकर डोईवाला अस्पताल के सीएमएस डॉ कुंवर सिंह भंडारी ने बताया कि यह कैंप बेहद महत्वपूर्ण कैंप है। जिसकी तैयारियां उनके द्वारा शुरू कर दी गई है।इसमें स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ मरीजों की जांच करेंगे। जिन मरीजों को मेडिकल जांच की जरूरत होगी उनकी निशुल्क जांचें की जाएंगी। वहीं उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इस शिविर का ज्यादा से ज्यादा लोग फायदा उठाएं ताकि हर व्यक्ति समय से अपनी जांच करा कर अपने आपको स्वस्थ रख सकें।